मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एम्स पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली

भोपाल :

कोटा में हुई मिनी बस दुर्घटना के घायलों और ग्वालियर से एयरलिफ्ट किए मरीजों से की भेंट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोटा में भोपाल से खाटूश्याम जी जा रही मिनी बस की दुर्घटना तथा ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल, उपचाररत मरीजों से एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) भोपाल पहुंचकर भेंट की तथा उनकी कुशल क्षेम पूछी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स भोपाल के डॉक्टरों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे इलाज और दवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने एम्स प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रखी जाए और हरसंभव उपचार उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ है। इस अवसर पर अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर कोटा दुर्घटना में घायल हुए बैतूल के 14 मरीजों को उपचार के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया तथा ग्वालियर से भी दो मरीजों को एम्स भोपाल में एयर लिफ्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *