जयपुर सिल्वर शो 2026 में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा भोपाल सराफा महासंघ

भोपाल :

जयपुर में आयोजित होने वाले जयपुर सिल्वर शो  2026 में मध्य प्रदेश के ज्वेलरी व्यापारियों की  भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भोपाल सराफा महासंघ सक्रिय भूमिका निभाएगा। इस संबंध में देश के जाने-माने ज्वेलरी ट्रेड मोटिवेटर अंकित वैद्य तथा जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला और सेक्रेटरी राहुल जैन ने भोपाल सराफा महासंघ के पदाधिकारियों एवं प्रमुख व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में मध्य प्रदेश और राजस्थान के ज्वेलरी उद्योग के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने तथा कारोबारियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। बैठक में भोपाल सराफा महासंघ के अध्यक्ष सुशील धनवानी और सुमंत सोनी को मध्य प्रदेश में शो के समन्वय एवं प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। महासंघ ने प्रदेश के ज्वेलरी व्यापारियों को इस आयोजन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक में कहा गया कि ऐसे आयोजन व्यापारियों को नवीनतम डिजाइनों, उत्पादों और बाजार के बदलते रुझानों से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर कारोबारी संपर्क विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। बैठक के दौरान अंकित वैद्य द्वारा ज्वेलरी उद्योग में नई पीढ़ी और महिलाओं को जागरूक एवं शिक्षित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।

22 नवंबर से जयपुर में होगा आयोजन
जयपुर सिल्वर शो 2026 का आयोजन 22 से 24 नवंबर 2026 तक जयपुर के बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर के ज्वेलरी व्यापारी, निर्माता, थोक विक्रेता और डिजाइनर हिस्सा लेंगे। शो में सिल्वर ज्वेलरी, सिल्वर जेम्स तथा सिल्वर और गोल्ड गिफ्टिंग से जुड़े उत्पादों एवं नवीनतम कलेक्शन को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य कारोबारियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों के लिए नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *